झुंझुनूं, 30 मई 2025: झुंझुनूं पुलिस को शादी समारोह में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पकड़ने में सफलता मिली है। आरोपी निखिल बराला को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, छह खाली कारतूस और छह जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

यह कार्रवाई कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत के आदेश पर, वृत्ताधिकारी हरि सिंह धायल के निर्देशन और मंडावा थानाधिकारी रामनिवास के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

Advertisement's
Advertisement’s

19 मई को श्योपुरा निवासी बृजलाल, पुत्र मोहनसिंह ने मंडावा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी, जिसमें बताया गया कि 11 मई को ढाका का बास गांव में एक शादी समारोह के दौरान निखिल ने अपनी जेब से पिस्टल निकालकर फायरिंग की। उसने पास खड़े एक अन्य युवक को भी हथियार थमाकर उससे भी हवाई फायर करवाया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाधिकारी रामनिवास की अगुवाई में बनी विशेष टीम ने सबसे पहले वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की। टीम ने मंडावा, मुकुंदगढ़, नवलगढ़, सीकर, रींगस और जयपुर के साथ-साथ आसपास के थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सूचनाएं जुटाईं।

Advertisement's
Advertisement’s

मुखबिरों की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी जयपुर में मौजूद है। इसके आधार पर निखिल बराला, पुत्र नरेंद्र बराला, उम्र 22 वर्ष, जाति जाट, निवासी श्योपुरा, थाना मंडावा, को जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ़्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान निखिल ने स्वीकार किया कि उसने शादी समारोह में अपनी लाइसेंसशुदा पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस ने मौके से बरामद लाइसेंसी पिस्टल, छह खाली और छह जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। थानाधिकारी ने बताया कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी और यदि अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!