चिड़ावा: राजस्थान में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और तपते मौसम के बीच सामाजिक संगठन ‘श्रीराम परिवार’ ने मानव सेवा का सराहनीय उदाहरण पेश किया। संगठन के सदस्यों ने चिड़ावा रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रियों को ठंडा और शीतल जूस पिलाया, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली। इस सेवा कार्य की रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों और रेल प्रशासन ने जमकर प्रशंसा की।

दोपहर करीब 12:10 बजे बठिंडा से जयपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन जैसे ही स्थानीय रेलवे स्टेशन पर पहुंची, वैसे ही श्रीराम परिवार के सेवादार सक्रिय हो गए। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से परेशान यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से संगठन के सदस्य ट्रेन के हर डिब्बे में पहुंचे और यात्रियों को बारी-बारी से आम और लीची का बोतलबंद ठंडा जूस वितरित किया।

अचानक मिले ठंडे जूस से यात्रियों के चेहरे खिल उठे। कई यात्रियों ने इस सेवा कार्य की खुलकर सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी में इस तरह की पहल लोगों को राहत और मानवता का संदेश देती है।

श्रीराम परिवार पिछले दो वर्षों से लगातार गर्मियों के दौरान रेलवे स्टेशन पर ठंडे पानी की कैन रखवाने का कार्य भी कर रहा है। संगठन का उद्देश्य यात्रियों और जरूरतमंद लोगों को भीषण गर्मी में राहत पहुंचाना है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सामाजिक संगठनों की ऐसी पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है।

श्रीराम परिवार केवल मानव सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि बेजुबान पशुओं की सेवा में भी लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन के सदस्य प्रत्येक रविवार शहर में घूमने वाले बेसहारा पशुओं को हरी सब्जियां और चारा खिलाने का कार्य नियमित रूप से करते हैं। संस्था के इस सेवा भाव को लेकर शहरवासियों में भी खासा सम्मान देखा जा रहा है।

इस अवसर पर श्रीराम परिवार के अनेक सेवादार और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। सभी ने मिलकर यात्रियों तक राहत सामग्री पहुंचाने और सेवा कार्य को सफल बनाने में सहयोग दिया।




