चिड़ावा-सिंघाना रोड पर हादसा: अखबार लेकर जा रही गाड़ी को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, चालक गंभीर घायल

झुंझुनूं: जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। चिड़ावा-सिंघाना रोड पर अखबार लेकर जा रही गाड़ी को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे चालक अंकित निवासी लोयल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

गाड़खेड़ा चौकी प्रभारी एएसआई शेर सिंह फोगाट ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो ड्राइवर गाड़ी में फंसा हुआ था। ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से चिड़ावा के राजकीय उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि अखबार ले जा रही गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। सड़क पर मंजर ऐसा था कि आसपास मौजूद लोग सहम गए।

पुलिस के अनुसार, अंकित अखबार बांटकर चिड़ावा लौट रहा था। तभी सामने से आए अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया और गाड़ी भी साथ ले गया।

एएसआई शेर सिंह फोगाट ने बताया कि घायल का इलाज किया जाकर परिजनों की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। पुलिस आरोपी वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!