चिड़ावा, 9 मई 2025: नगर क्षेत्र में चल रहे नाली मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता की कमी और अधूरे निर्माण को लेकर स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने चिड़ावा उपखंड अधिकारी नरेश सोनी को गुरुवार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि नगरपालिका द्वारा विभिन्न वार्डों में कराए जा रहे नाली मरम्मत कार्यों में गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं।

ज्ञापनकर्ताओं ने उल्लेख किया कि वार्ड संख्या 39 में श्याम मंदिर के पीछे और वार्ड संख्या 2 में किए गए मरम्मत कार्य न तो पूरी तरह से संपन्न हुए हैं और न ही निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक है। नालियों का स्तर असमान है और उनमें तल का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे भविष्य में जलजमाव और सफाई संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यह कार्य नगर पालिका द्वारा अधूरे रूप में छोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्रवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नाली मरम्मत कार्यों की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और संबंधित कार्यों को दोबारा गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि ये लंबे समय तक टिक सकें और स्थानीय निवासियों को उचित सुविधा मिल सके। साथ ही शहर में चल रही जल आपूर्ति संबंधी समस्याओं को भी शीघ्र हल करने की मांग की गई।

यह ज्ञापन सामाजिक कार्यकर्ता मेहर कटारिया, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष ओमप्रकाश बसवाला, पूर्व पार्षद महेश कटारिया, समाजसेवी सुरेन्द्र सैनी, पार्षद मोहित सैनी, मुकेश सैनी, रणजीत सैनी, ओमप्रकाश जैदिया, रणजीत सैन, विजय सिंह, संजय कटारिया, अमित कटारिया, राकेश सोनी, तेजप्रकाश सोनी और विशाल सैनी द्वारा संयुक्त रूप से सौंपा गया।
ज्ञापनकर्ताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि वे इन मुद्दों को गंभीरता से लेकर नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें और नागरिकों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान करें।




