चिड़ावा: सर्दी के कड़ाके की ठंड में चिड़ावा में जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कर लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट ने मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। कच्ची बस्ती और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में हुए इस अभियान ने गरीब और असहाय लोगों को बड़ी राहत दी।
सर्द मौसम में जरूरतमंद को ठंड से बचाने के उद्देश्य से रविवार को चिड़ावा स्थित कच्ची बस्ती और रेलवे स्टेशन के पास ट्रस्ट ने कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का मकसद था कि कोई भी व्यक्ति ठंड में कांपने को मजबूर न हो।
कार्यक्रम में एम आर एस प्रनामी स्कूल, चिड़ावा के निदेशक अनिल दाधीच और उपखंड कार्यालय, चिड़ावा के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश सिंह कविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया ने अतिथियों को ट्रस्ट का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया।

ट्रस्ट के तहसील प्रभारी रजनीकांत मिश्रा ने बताया कि संस्था बीते छह वर्षों से गरीब बस्तियों में लगातार सेवा कर रही है। दीपावली, रक्षाबंधन, होली जैसे बड़े त्योहार भी ट्रस्ट के सदस्य इन्हीं परिवारों के साथ धूमधाम से मनाते हैं। इस दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने बस्ती वासियों के साथ मिलकर ट्रस्ट का गीत भी गाया।
कार्यक्रम के दौरान राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया ने बताया कि हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस (3 दिसंबर) पर भी ट्रस्ट ने लगभग 35 कंबल वितरित किए थे।
मुख्य अतिथि अनिल दाधीच और कैलाश सिंह कविया ने कहा कि समाज सेवा का यह स्तर हर किसी के बस की बात नहीं, यह सराहनीय और प्रेरणादायक है।




