चिड़ावा में महिलाओं के गैंग ने चुराई साड़ियां!, पांच महिलाओं को पूछताछ के लिए लाया गया पुलिस थाने

चिड़ावा: खेतड़ी रोड़ स्थित दिलखुश होटल के सामने श्री श्याम राजपूती परिधान में सोमवार दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट पर महिलाओं के एक गैंग ने साड़ियां चुराने के कांड को अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री श्याम राजपूती परिधान पर दोपहर में करीब 5-6 महिलाओं का एक गैंग पहुंचा। इन महिलाओं में से 2-3 महिलाओं ने राजपूती परिधान दिखाने की बात कही।

दुकान मालिक ओमवीर सिंह राठौड़ ने उन्हें परिधान दिखाए। क़रीब आधा घंटे तक महिलाएं विभिन्न तरह के परिधान देखती रहीं। उसके बाद पसंद ना आने की बात कहकर सभी महिलाएं वहां से निकल गई।

महिलाओं के जाने बाद दुकान मालिक को शक होने पर सीसीटीवी कैमरे की जांच की गई। सीसीटीवी में दो महिलाएं साड़ियां कपड़ों में छुपाते नजर आईं।

इसपर दुकान मालिक व स्टाफ ने महिलाओं को शहर में ढूंढना प्रारंभ किया। पुरानी तहसील रोड़ पर महिलाओं का गैंग दुकान मालिक को दिखाई दिया जिसपर उन्हें रोककर पूछताछ की गई।

मौका पाकर गैंग की एक महिला साड़ी सहित फरार हो गई, बाकी महिलाओं को आसपास के लोगों ने घेर लिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पर एएसआई मुकेश कुमार, कांस्टेबल अमित सिहाग व अंकित राव मौके पर पहुंचे। पूछताछ के लिए पांच महिलाओं को चिड़ावा पुलिस थाने लाया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिलाओं का संगठित गैंग बावरिया जाती से सम्बंध रखता है व नारनौल के पास जखराना का बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!