चिड़ावा में पार्षद राजेन्द्र कोच ने दिया भाजपा के राजेश दहिया को समर्थन, कांग्रेस प्रत्याशी पितराम सिंह काला नहीं रोक पा रहे पार्टी में बिखराव

विधानसभा चुनाव में टिकट के बदलाव के साथ शुरू हुआ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बिखराव लगातार जारी है। चिड़ावा में आज पार्षद राजेन्द्र कोच ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी राजेश दहिया को समर्थन दे दिया है। डोबी के पास स्थित श्योराण गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में इस अवसर पर पार्षद राजेन्द्र कोच के समर्थक भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

एक ओर जहां चुनावों में भाजपा और कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के पानी पी-पी कर एक दूसरे को कोसने के वीडियो रोजाना मीडिया और सोशल मीडिया की सुर्खियां बटोर रहे हैं। वहीं पिलानी विधानसभा क्षेत्र में इस बार नजारा एकदम उलट है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी का दामन छोड़ कर भाजपा को समर्थन दे रहे हैं। पिलानी, मंड्रेला, नरहड़, काजड़ा से शुरू हुआ कांग्रेस पार्टी में बिखराव का सिलसिला आज चिड़ावा में भी एक बार फिर से देखने को मिला। इससे पहले भी चिड़ावा में कई स्थानीय कांग्रेस नेता अपने समर्थकों के साथ भाजपा को समर्थन दे चुके हैं।

चिड़ावा की राजनीति में कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते हैं राजेन्द्र कोच

पार्षद राजेन्द्र कोच चिड़ावा की राजनीति में कद्दावर नेता के रूप में जाने जाते हैं। कई बार नगरपालिका में अलग-अलग वार्डों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वर्तमान में चिड़ावा नगरपालिका में उनकी पत्नी सम्पत देवी और बेटा मंजीत भी पार्षद हैं। कई अन्य पार्षदों का समर्थन भी हासिल है। राजेन्द्र कोच विधायक जेपी चंदेलिया की टीम के भी अहम सदस्य रहे हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान ही पार्षद राजेन्द्र कोच के राजेश दहिया के समर्थन में खुल कर सामने आने से कांग्रेस को निश्चित ही बड़ा नुकसान होगा। इसे साफ तौर पर कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रहे पितराम सिंह काला के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पितराम सिंह काला बेशक चुनाव लड़ने के लिए पार्टी का टिकट ले आए लेकिन अपनी पार्टी के बिखराव को रोक पाने में विफल साबित हुए हैं।

22 को पिलानी में लग सकता है कांग्रेस को बड़ा झटका

बताया जा रहा है कि 22 नवम्बर को पिलानी में कांग्रेस पार्टी के बिखराव का एक और एपिसोड देखने को मिलेगा, जब वहां कांग्रेस के कई पार्षद और अन्य नेता भाजपा के राजेश दहिया को अपना समर्थन देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!