चिड़ावा: भीषण गर्मी के बीच शहर में पानी की समस्या लगातार गहराती जा रही है। गुरुवार को वार्ड नंबर 11, 12, 13 तथा पिलानी रोड स्थित एसबीआई बैंक क्षेत्र के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। जलापूर्ति बाधित होने और कई घरों में गंदा व बदबूदार पानी पहुंचने से नाराज वार्डवासी जलदाय विभाग कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।

वार्डवासियों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा, जबकि कुछ इलाकों में दूषित और बदबूदार पानी की सप्लाई हो रही है। भीषण गर्मी में पानी संकट के कारण लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

लोगों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जलदाय विभाग ने समस्या के समाधान को गंभीरता से नहीं लिया। इससे क्षेत्रवासियों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचने पर संबंधित अधिकारी मौके पर नहीं मिले। इसके बाद नाराज वार्डवासी पंचायत समिति परिसर में चल रही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पहुंच गए और वहां अपनी समस्या उठाई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान कार्यवाहक एसडीएम सुप्रिया मौजूद थीं। वहीं जलदाय विभाग की एईएन सविता चौधरी भी बैठक में शामिल थीं। वार्डवासियों ने पानी की अनियमित सप्लाई, दूषित पानी और लगातार हो रही परेशानी से अधिकारियों को अवगत कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक एसडीएम सुप्रिया ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को तुरंत समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं विभागीय अधिकारियों ने भी जल्द जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने और गंदे पानी की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया।

क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान के बीच पानी संकट ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।




