चिड़ावा: शहर में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा करा दिया। भारद्वाज अस्पताल के सामने दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों बाइक तेज गति में दिखाई दे रही हैं।

दोनों तरफ से आ रही बाइकों में हुई जोरदार भिड़ंत
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम कार्यालय की तरफ से बाइक पर अरुण पुत्र सत्यवीर निवासी नालपुर, हाल अडूका, उम्र 21 वर्ष और मयंक निवासी अडूका, उम्र 18 वर्ष आ रहे थे। वहीं दूसरी ओर झुंझुनूं रोड की तरफ से साहिल निवासी ओजटू, उम्र 17 वर्ष, पंकज निवासी ओजटू, उम्र 16 वर्ष और प्रीतम निवासी फतेहसर, झुंझुनूं, उम्र 10 वर्ष बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

मंदिर दर्शन और रिश्तेदार को खाना देकर लौट रहे थे युवक
बताया जा रहा है कि अरुण और मयंक बावलिया बाबा मंदिर में दर्शन करके लौट रहे थे। वहीं साहिल, पंकज और प्रीतम एक निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को खाना देकर वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान भारद्वाज अस्पताल के सामने हादसा हो गया।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे पांचों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि पांचों युवक सड़क पर दूर तक जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने तुरंत घायलों को संभाला और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस से पहुंचाया गया अस्पताल
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस चालक बंटी नूनिया और ईएमटी सतीश कुमार मौके पर पहुंचे। घायलों को चिड़ावा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया।

अरुण और साहिल की हालत गंभीर, झुंझुनूं रेफर
अस्पताल में उपचार के दौरान अरुण और साहिल की हालत गंभीर पाई गई। चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए झुंझुनूं रेफर कर दिया। बाकी घायलों का उपचार चिड़ावा में जारी है।

सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में मुख्य मार्गों पर तेज गति से वाहन दौड़ाने वालों पर सख्ती जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों पर रोक लग सके।




