चक्रवात रेमल का पश्चिम बंगाल में भयानक लैंडफॉल: भारी बारिश और तूफान से तबाही, एक घायल

कैनिंग (पश्चिम बंगाल): 27 मई, 2024 – रविवार रात 8:30 बजे, चक्रवात रेमल ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाके कैनिंग में लैंडफॉल किया। सागर द्वीप (पश्चिम बंगाल) और खेपुपारा (बांग्लादेश) के बीच 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।

इस चक्रवाती तूफान ने पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई है। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, घरों को नुकसान पहुंचा और बिजली के खंभे गिर गए। सुंदरवन के गोसाबा इलाके में मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति घायल हो गया।

तटीय इलाकों से बड़े पैमाने पर निकासी

तूफान आने से पहले, बंगाल के तटीय इलाकों से करीब 1.10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। इसमें सबसे ज्यादा लोग दक्षिण 24 परगना जिले से थे। राज्य आपदा प्रबंधन और NDRF की 16-16 टीमों को तटीय क्षेत्रों में तैनात किया गया था।

कोलकाता और अन्य शहरों में भी तूफान का असर

पश्चिम बंगाल के कोलकाता, उत्तर 24 परगना सहित अन्य शहरों में तूफान के कारण तेज बारिश और आंधी चली। इसके कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, जिससे सड़कों में जाम लग गया।

सुंदरवन में भी नुकसान

पश्चिम बंगाल के सुंदरवन इलाके में भी रेमल तूफान का भारी असर पड़ा। तूफानी हवाओं और बारिश ने कई पेड़ों को उखाड़ दिया।

इंडिगो ने उड़ानों का समय बदला

इंडिगो एयरलाइन ने रेमल तूफान के कारण बागडोगरा, गुवाहाटी, डिब्रूगढ़, जोरहाट, दीमापुर, इंफाल, अगरतला, रांची और दुर्गापुर के लिए उड़ानों के समय में बदलाव किया है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे उड़ान की जानकारी के लिए एयरलाइन की वेबसाइट या ऐप चेक करें।

कोलकाता में चक्रवात ‘रेमल’ के कारण शहर के कई इलाकों में पानी भर गया

बारिश और तूफान से गिरे पेड़ों ने रोकी राह, एनडीआरएफ ने सड़क को किया साफ

सागर ब्लॉक में स्थित नीमपीठ आश्रम के पीछे गंगानगर में बारिश और तेज हवाओं के चलते कई पेड़ गिर गए। इन पेड़ों के गिरने से सड़क पूरी तरह से जाम हो गई और लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हुई।

सूचना मिलने पर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टीम ने मशीनों की मदद से गिरे हुए पेड़ों को हटाया और सड़क को साफ किया।

कोलकाता के भारी बारिश और तूफानी हवाओं के बीच अलीपुर में भी पेड़ गिरे, सड़क को किया साफ

कोलकाता के अलीपुर इलाके में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर चला। इस दौरान कई पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे सड़कों पर यातायात बाधित हो गया। नगर निगम की टीम सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने का काम कर रही है।

कोलकाता में 15 हजार तैनात

कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि तूफान से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। 15 हजार लोगों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। क्षतिग्रस्त पेड़ों को हटाने का काम भी जारी है।

अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Leave a comment

error: Content is protected !!