गुरु पूर्णिमा पर चिड़ावा मंडल में होगा गुरुपूजन समारोह, प्रमुख मंदिरों में संतों का किया जाएगा सम्मान, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं से मंदिरों में पहुंचने की अपील

चिड़ावा: भारतीय परंपरा में गुरु को ईश्वर तुल्य माना गया है। इसी भावना को साकार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय व प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार चिड़ावा मंडल में 10 जुलाई 2025, गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर “गुरु पूजन दिवस” का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन आदर्श सेवा प्रतिष्ठान, खेतड़ी रोड सूरजगढ़ मोड़ पर दोपहर 2:15 बजे से आरंभ होगा।

इस आयोजन के तहत चिड़ावा मंडल के प्रमुख मठ-मंदिरों के संतों, पुजारियों और गुरुजनों का शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल भेंटकर और पुष्पमालाएं अर्पित कर अभिनंदन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य सनातन परंपरा में गुरु की महत्ता को समाज के समक्ष उजागर करना है।

विधानसभा सह संयोजक बाबूलाल वर्मा ने जानकारी दी कि यह आयोजन पार्टी नेतृत्व की भावना के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भागीदारी अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि चिड़ावा मंडल के कार्यकर्ता गुरु पूर्णिमा के इस अवसर पर स्थानीय मंदिरों पर पहुंचकर संतजनों का सम्मान करेंगे और भारतीय संस्कृति में गुरु के योगदान को याद करेंगे।

चिड़ावा नगर मंडल अध्यक्ष नरेन्द्र गिरधर ने मंडल के सभी कार्यकर्ताओं से समय पर पहुंचकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है। मंडल प्रभारी रविकांत शर्मा ने भी सभी से सामाजिक आस्था और संस्कृति के प्रतीक इस आयोजन में सहभागिता निभाने की बात कही।

कार्यक्रम के माध्यम से न केवल धार्मिक परंपरा को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि समाज में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व को भी पुनः प्रतिष्ठित किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी इसे सेवा, आस्था और श्रद्धा के पर्व के रूप में मनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!