चिड़ावा, 12 मई 2025: पंडित गणेश नारायण मार्ग स्थित गायत्री शक्ति पीठ में बुद्ध पूर्णिमा के उपलक्ष्य में एक विशेष एक कुण्डीय यज्ञ का आयोजन किया गया। आचार्य चन्द्रपाल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस यज्ञ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए और आहुतियां अर्पित कीं।
यज्ञ के मुख्य यजमान संदीप कुमार सैनी और रमेश कुमार हिममतरामका रहे। इनके साथ बनवारी लाल अरड़ावतिया, नवराज जांगिड़, रणजीत सैन, सुशील कुमार शर्मा, विधाधर सोनी ने अपनी पत्नियों के साथ यज्ञ में भाग लेकर आहुतियां समर्पित कीं।

इस अवसर पर सत्यनारायण सैनी, रामनिवास सैनी, कुरडाराम सैनी, चयन सिंह शेखावत, होशियार सिंह पायल, डॉ. ओमप्रकाश सोनी, इन्द्राज सिंह जांगिड़ और सत्यनारायण भार्गव ने भी परिवार सहित यज्ञ में भाग लिया और राष्ट्र कल्याण की कामना करते हुए आहुतियां दीं।
यज्ञ के दौरान भारत की सीमाओं पर तैनात सैनिकों की सुरक्षा और कुशलता हेतु विशेष वैदिक मंत्रों के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। मातृ दिवस के अवसर पर महिलाओं को समर्पित विशेष मंत्रों के माध्यम से भी आहुतियां दी गईं, जिनमें महिला सशक्तिकरण और परिवार में उनकी भूमिका को सम्मान दिया गया।
साथ ही देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले बलिदानियों की स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप विशेष आहुतियां समर्पित की गईं। यज्ञ का उद्देश्य विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की भावना को प्रबल करना रहा।

गायत्री परिवार के वैश्विक आह्वान के तहत आज के दिन ‘गृहे-गृहे यज्ञ’ अभियान के अंतर्गत चिड़ावा क्षेत्र में भी 300 घरों में हवन सामग्री वितरित की गई, जिससे अधिक से अधिक लोगों को यज्ञ में भाग लेने का अवसर मिल सके।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की कि देश में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा बनी रहे।