खेत में काम कर रहे किसान परिवार पर भौंरा मधुमक्खियों का हमला, 1 की मौत, 1 बच्ची और 4 महिलाएं हुईं अचेत
सूरजगढ़, 24 अक्टूबर, 2024: झुंझुनू जिले के सूरजगढ़ ब्लॉक में एक खेत में पानी की लाइन बदल रहे किसान परिवार पर भौंरा (बड़ी) मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। गुरुवार सुबह हुई इस घटना में किसान की मौत हो गई जबकि 1 बच्ची सहित 4 महिलाएं मधुमक्खियों के डंक मारने की वजह से अचेत हो गईं।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार झाझड़ियों की ढाणी निवासी किसान रोहिताश्व (58 वर्ष) पुत्र भगवाना राम अपने परिवार के साथ गुरुवार सुबह 9 बजे खेत में पानी की पाइप लाइन बदलने में व्यस्त था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने रोहिताश्व पर हमला बोल दिया।
परिवार के बाकी सदस्य खेत में कुछ दूरी पर काम कर रहे थे। मधुमक्खियों के हमले की वजह से रोहिताश्व अचानक चिल्लाते हुए दौड़ पड़ा। यह देख कर परिवार के सदस्य उसकी तरफ भागते हुए आए, तो उन पर भी मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। मधुमक्खियों के अचानक हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई। सभी लोग एक-एक कर अचेत होकर खेत में ही गिर पड़े।
घटना के बाद पड़ौसियों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने सभी को सूरजगढ के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां रोहिताश्व की मौत हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य रतनी देवी (45) पत्नी रामनिवास, मंगेश (28) पत्नी प्रदीप, युविका (2) पुत्री प्रदीप तथा रीना (28) पत्नी बृजेश को गम्भीर हालत में अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है।
विडियो देखें:
बताया जा रहा है कि सुबह इस घटनाक्रम के काफी देर बाद तक भी मधुमक्खियों का ग़ुस्सा शांत नहीं हुआ था और उधर से गुजर रहे कुछ वाहन चालकों पर भी उन्होंने हमला किया। जिसके बाद ग्रामीणों ने पत्थर आदि डालकर आवागमन को कुछ समय के लिए रोक दिया था।
