खेतड़ी: उपखंड के सिंघाना थाना क्षेत्र के भोदन गांव में प्रशासन ने रास्ता खोलो अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। तहसील प्रशासन की टीम ने सार्वजनिक रास्ते से अवैध अतिक्रमण हटाते हुए करीब तीन किलोमीटर लंबे मार्ग को आमजन के आवागमन के लिए सुचारू कर दिया। यह रास्ता पंचायत मुख्यालय को ब्राह्मणों की ढाणी से जोड़ता है, जिस पर लंबे समय से अतिक्रमण होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

तहसीलदार बजरंग जाखड़ ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार आमजन को राहत देने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे रास्ता खोलो अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में गठित टीम ने गिरदावर, पटवारी व पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माणों को हटाया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लोगों ने रास्ते पर अतिक्रमण कर रखा था, उन्हें पाबंद किया गया है और यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो भू राजस्व अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बिल्लू सैनी ने बताया कि यह रास्ता पंचायत मुख्यालय से सीधा जुड़ता है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। लंबे समय से ग्रामीण इस रास्ते को खुलवाने की मांग कर रहे थे।

अभियान के दौरान नायब तहसीलदार सत्यनारायण भार्गव, गिरदावर जगदीश प्रसाद, पटवारी जोगेंद्र, सुलेखा, बलवीर, बुधराम सहित कई ग्रामीण और स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे राहतदायक कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!