क्या भारत में बैन होगा Wikipedia? दिल्ली हाई कोर्ट ने कंपनी को क्यों दी सख्त चेतावनी

नई दिल्ली: दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा जारी चेतावनी के बाद विकिपीडिया फाउंडेशन, जो विकिपीडिया का संचालन करता है, ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि वे भारत के लोगों के प्रति समर्पित हैं और यहां सूचना साझा करने का अधिकार बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। दरअसल, यह बयान दिल्ली हाई कोर्ट की उस सुनवाई के संदर्भ में आया है, जिसमें विकिपीडिया पर गलत और अपमानजनक जानकारी प्रकाशित करने का आरोप लगाया गया था।

क्या है मामला?

दिल्ली हाई कोर्ट में एक न्यूज एजेंसी द्वारा विकिपीडिया के खिलाफ मुकदमा दायर किया गया था, जिसमें कहा गया कि इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दी गई जानकारी कई बार गलत और अपमानजनक होती है। कोर्ट ने इस मामले में विकिपीडिया को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह सहयोग नहीं करेगा, तो भारत सरकार को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा जा सकता है, जिसके तहत विकिपीडिया पर भारत में प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया जा सकता है।

Wikipedia का आधिकारिक बयान

कोर्ट की इस चेतावनी के बाद विकिपीडिया फाउंडेशन ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। फाउंडेशन ने कहा, “हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि भारत के लोग एक सुरक्षित और स्वतंत्र ऑनलाइन वातावरण में भरोसेमंद जानकारी प्राप्त कर सकें और साझा कर सकें। हम भारत के प्रति पूरी तरह समर्पित हैं और यहां किसी भी प्रकार के प्रतिबंध का सामना न करना पड़े, इसके लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।”

कैसे काम करता है Wikipedia?

विकिपीडिया पर प्रकाशित सामग्री वालंटियर्स द्वारा लिखी जाती है, जो सार्वजनिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर संपादन और सुधार करते हैं। फाउंडेशन ने स्पष्ट किया कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद जानकारी स्वतंत्र योगदानकर्ताओं द्वारा दी जाती है, जिन्हें कोई आर्थिक लाभ नहीं मिलता। वालंटियर्स द्वारा जानकारी को साझा करने से पहले उसे पब्लिक सोर्स से वेरिफाई किया जाता है और फिर उसे अप्रूव किया जाता है।

कोर्ट की टिप्पणी

दिल्ली हाई कोर्ट की बेंच ने विकिपीडिया के इस तर्क पर सवाल उठाते हुए कहा कि गलत और अपमानजनक जानकारी के प्रकाशन के बावजूद इसे मॉडरेट न करना गंभीर लापरवाही है। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि अगर विकिपीडिया भारत में अपनी जिम्मेदारियों को नहीं निभाता, तो सरकार से सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया जाएगा, जिसमें विकिपीडिया को भारत में बैन करने पर विचार हो सकता है।

Wikipedia का फ्री मॉडल और फंडिंग की अपील

विकिपीडिया एक स्वतंत्र प्लेटफॉर्म है, जहां पर दुनिया भर के यूजर्स को कई भाषाओं में मुफ्त जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। हालांकि, कंपनी अपने संचालन के लिए विज्ञापनों पर निर्भर नहीं करती, जिससे यह प्लेटफॉर्म विज्ञापन-मुक्त बना रहता है। इसके बजाय, विकिपीडिया अपने यूजर्स से डोनेशन के जरिए सहयोग मांगता है।

हाल ही में, विकिपीडिया ने एक संदेश के जरिए यूजर्स से दान की अपील की, जिसमें कहा गया कि वेबसाइट अब तक बेची नहीं गई है और इसे स्वतंत्र रूप से चलाने के लिए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि विकिपीडिया की आय का मुख्य स्रोत डोनेशन, ग्रांट्स और अन्य स्रोत हैं, जिनकी मदद से प्लेटफॉर्म का प्रबंधन किया जाता है। इस डोनेशन अभियान के तहत, उपयोगकर्ता 25 रुपये से लेकर 1000 रुपये तक का योगदान दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!