सूरजगढ़: उपखंड की ग्राम पंचायत काजड़ा में श्रावण मास के आगमन पर पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सरपंच मंजू तंवर ने किया, जिनके साथ पंचायत के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों ने मिलकर खेजड़ी, जामुन, चमेली और रात की रानी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे।

इस अवसर पर सरपंच ने कहा कि श्रावण मास केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारे दायित्व की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने हेतु पौधरोपण करना चाहिए। पेड़-पौधे पृथ्वी का श्रृंगार हैं और उनका संरक्षण करना हम सभी का कर्तव्य है। पौधे रोपने के साथ-साथ उनका संरक्षण करना भी उतना ही आवश्यक है, जिससे वे वृक्ष बनकर पर्यावरण को लाभ पहुंचा सकें।

पौधरोपण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाने वालों में राय सिंह शेखावत, अशोक कुमावत, अनिल जांगिड़, प्रताप सिंह तंवर, सरोज स्वामी, पूजा स्वामी, कविता पूनिया, सिंगाठिया, सुरेश शेखावत, विनोद शर्मा, अंशुल वर्मा, दीपिका, कोमल, खुशी सैन, मंजू देवी, रामप्रताप कटारिया, अवनीश पाठक और होशियार सिंह शामिल रहे। सभी ने पौधों की देखरेख की जिम्मेदारी लेते हुए आने वाले समय में और अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।

यह आयोजन न केवल श्रावण मास की सांस्कृतिक परंपरा को सजीव करता है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पर्यावरणीय चेतना को भी मजबूती प्रदान करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!