झुंझुनूं: राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर में दायर एसबी सिविल रिट पिटीशन संख्या 17584/2018 एवं पब्लिक लैंड प्रोटेक्शन सैल प्रकरण संख्या 78/2023 पर पारित आदेशों की अनुपालना में सुलताना में प्रशासन द्वारा आज अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
आदेश की पालना हेतु झुंझुनूं पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिड़ावा- सुलताना-चनाना मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनाती का आदेश जारी किया है।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर इस मार्ग पर आज बुधवार 8 जनवरी 2026 को सुलताना में पावर हाउस से अटल सेवा केंद्र व पावर हाउस से नरेंद्र अकेडमी स्कूल, किशोरपुरा रोड़ तक अतिक्रमण हटाने के दौरान संभावित तनाव और अवरोध की आशंका के चलते अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। आदेश के अनुसार चिड़ावा – सुलताना – सोलाना मार्ग के आस-पास संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के कई थानों से जवानों को मौके पर भेजा जाएगा। तैनात फोर्स में चिड़ावा, पिलानी, सुलताना, मंड्रेला, बुहाना, सिंघाना, पचेरीकलां, बगड़ व पुलिस लाइन झुंझुनूं के साथ ही 10 रिजर्व फोर्स के जवान भी रहेंगे।
चिड़ावा वृत अधिकारी विकास धींधवाल को इस पूरी कार्रवाई का जिम्मा सौंपा गया है। साथ ही फायरब्रिगेड व मेडिकल इमरजेंसी जैसी सुविधाओं को भी अलर्ट पर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
आदेश में कहा गया है कि ड्यूटी अधिकारी किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था के उल्लंघन को बर्दाश्त न करें। पुलिसकर्मियों को फोर्स की मौजूदगी में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही थाना प्रभारियों को रूट पर लगातार पेट्रोलिंग, मोबाइल वैन सक्रिय रखने तथा किसी भी आपात स्थिति पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।





