इजरायली हमलों से लेबनान में भारी जानमाल का नुकसान, 500 से अधिक लोगों की मौत

लेबनान में सोमवार को हुए इजरायली हवाई हमलों में 90 से अधिक महिलाओं और बच्चों सहित 500 से अधिक लोगों की जान चली गई। लेबनानी अधिकारियों ने इस घटना को 2006 के इजरायल-हिजबुल्ला युद्ध के बाद से अब तक का सबसे घातक हमला बताया है। इजरायली सेना ने हिजबुल्ला के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए दक्षिणी और पूर्वी लेबनान के निवासियों को पहले ही खाली करने की चेतावनी दी थी।

हिजबुल्ला कमांडर पर हमला

इस हमले के दौरान, हिजबुल्ला के सीनियर कमांडर अली कराकी को भी निशाना बनाए जाने की खबर है। इजरायल ने दावा किया है कि उसने हिजबुल्ला के 800 से अधिक ठिकानों पर हमला किया है। इन ठिकानों से इजरायल पर हमले किए जाते थे या फिर इन स्थानों से हमले की योजना बनाई जा रही थी।

पश्चिम एशिया में तनाव की स्थिति

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अतिरिक्त सैनिकों और हथियारों की तैनाती की है। इस क्षेत्र में बिगड़ती स्थिति को लेकर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने भी गहरी चिंता व्यक्त की है। 2006 में हुए इजरायल और हिजबुल्ला के युद्ध के बाद से सोमवार, 23 सितंबर, को लेबनान के लिए सबसे घातक दिन रहा।

हिजबुल्ला पर भारी पड़ रही हमास की लड़ाई

हमास के समर्थन में हिजबुल्ला द्वारा छेड़ी गई लड़ाई अब उसके लिए कठिनाइयाँ पैदा कर रही है। इजरायली लड़ाकू विमान काफी नीचे उड़ान भरते हुए हिजबुल्ला के ठिकानों को निशाना बना रहे हैं। इस संघर्ष से लेबनान के नागरिकों को भय और असुरक्षा की स्थिति में डाल दिया है, और वे लगातार सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं।

नेतन्याहू का बयान: यह युद्ध लेबनान के खिलाफ नहीं

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इस ताजा सैन्य कार्रवाई को हिजबुल्ला के रॉकेट और मिसाइल हमलों को रोकने का प्रयास बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह युद्ध लेबनान के खिलाफ नहीं है, बल्कि हिजबुल्ला के ठिकानों को नष्ट करने के लिए है। दूसरी ओर, हिजबुल्ला ने कहा कि वह इजरायल और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में इजरायली सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहा है।

लेबनानी नागरिकों के बीच भय का माहौल

इजरायली हमलों से लेबनान के दक्षिणी क्षेत्रों के नागरिकों में युद्ध छिड़ने का भय गहरा गया है। हिजबुल्ला के हमलों में सोमवार को एक इजरायली नागरिक के घायल होने की पुष्टि हुई है। लेबनानी नागरिक अब कह रहे हैं कि उनका देश इस युद्ध को सहन करने की स्थिति में नहीं है। उन्हें भारी जानमाल के नुकसान का डर सता रहा है।

नागरिकों का पलायन और इजरायली सेना की चेतावनी

लेबनान के दक्षिणी इलाकों के नागरिक इजरायली हमलों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भाग रहे हैं। लेबनान सरकार उनके लिए अस्थायी ठिकाने तैयार करने में जुटी है। इजरायली सेना ने हिजबुल्ला के प्रभाव वाले क्षेत्रों के निवासियों को चेतावनी दी है कि वे हिजबुल्ला के ठिकानों से दूर रहें। सेना ने आरोप लगाया है कि हिजबुल्ला नागरिकों को ढाल बनाकर उनके घरों से हमले कर रहा है। इजरायली सेना ने इस दावे के समर्थन में एक वीडियो जारी किया है, जिसमें एक लेबनानी घर से हिजबुल्ला लड़ाकों को क्रूज मिसाइल दागते हुए दिखाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!