नई दिल्ली: केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने सोमवार को घोषणा की कि आयकर रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर 2025 तक बढ़ा दी गई है। पहले यह डेडलाइन 15 सितंबर तय थी। विभाग ने बताया कि लाखों करदाता और चार्टर्ड अकाउंटेंट पोर्टल पर लॉगिन करने में परेशानी झेल रहे थे, इसलिए अतिरिक्त समय दिया गया।
पोर्टल रखरखाव मोड में रहेगा
आयकर विभाग ने कहा कि 16 सितंबर को रात 12:00 बजे से सुबह 02:30 बजे तक ई-फाइलिंग पोर्टल मेंटेनेंस मोड में रहेगा। इस दौरान करदाता पोर्टल पर कोई काम नहीं कर पाएंगे। इसके बाद पोर्टल सामान्य रूप से काम करेगा।
7.3 करोड़ से अधिक ITR दाखिल
आयकर विभाग ने बताया कि 15 सितंबर तक रिकॉर्ड 7.3 करोड़ से ज्यादा आयकर रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले साल के 7.28 करोड़ को पार कर गया है। विभाग ने समय पर रिटर्न दाखिल करने वाले करदाताओं और पेशेवरों को धन्यवाद दिया।
करदाताओं के लिए 24×7 हेल्पडेस्क
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि करदाताओं को ITR फाइलिंग, टैक्स पेमेंट और पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए 24×7 हेल्पडेस्क उपलब्ध रहेगा। साथ ही ब्राउज़र समस्याओं को दूर करने के लिए एक विशेष गाइडलाइन भी जारी की गई है।





