आईएनएस ब्रह्मपुत्र दुर्घटना में झुंझुनू जिले के डांगर गांव का लाल सितेन्द्र सिंह सांखला हुआ शहीद, कल सैनिक सम्मान से होगा अन्तिम संस्कार

झुंझुनू, 24 जुलाई 2024: मुंबई डॉकयार्ड पर मेंटेनेंस के दौरान भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस ब्रह्मपुत्र पर भीषण आग लग गई थी। इस दुर्घटना में झुंझुनू जिले का एक जवान शहीद हो गया है। जिले की सूरजगढ़ तहसील के गांव डांगर के नेवी जवान सत्येन्द्र सिंह सांखला पुत्र पूर्ण सिंह सांखला (23 वर्ष) का गुरुवार को पैतृक गांव डांगर में सैनिक सम्मान से अन्तिम संस्कार किया जाएगा।

नेवी जवान सत्येन्द्र सिंह सांखला के चाचा पवन सिंह सांखला ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार, 21 जुलाई को आईएनएस ब्रह्मपुत्र के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अगले दिन नेवी के अधिकारियों ने दूरभाष पर सूचना दी कि दुर्घटना के बाद से ही सत्येन्द्र सिंह सांखला लापता है, जिसकी तलाश की जा रही है। बुधवार, 24 जुलाई को सुबह 3 बजे सत्येन्द्र सिंह सांखला का शव नेवी के गोताखोरों ने समुद्र से बरामद कर लिया।

आग लगने से आईएनएस ब्रह्मपुत्र एक तरफ झुक गया था। जहाज पर लगी आग को 16 घंटे बाद बुझाया जा सका था। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त आईएनएस ब्रह्मपुत्र पर लगभग 300 अधिकारी व अन्य कर्मचारी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि हादसे में सिर्फ सत्येन्द्र सिंह सांखला ही शहीद हुए हैं।

हादसे की खबर लगते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

नेवी जवान सत्येन्द्र सिंह का पार्थिव शरीर आज शाम तक दिल्ली और उसके बाद गुरुवार सुबह 10 बजे तक सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव डांगर लाया जाएगा। डांगर में सैनिक सम्मान से शहीद सत्येन्द्र सिंह सांखला का अन्तिम संस्कार किया जाएगा।

आरएलडी नेता दिनेश सहारण ने बताया कि शहीद के सम्मान में कल सुबह तिरंगा यात्रा का आयोजन भी किया जाएगा।

मिलनसार और हंसमुख था सत्येन्द्र

डांगर गांव के मधुप सिंह ने बताया कि सत्येन्द्र सिंह सांखला 2018 में नेवी में नाविक के पद पर भर्ती हुआ था। अभी 3 महीने पहले मार्च में ही चचेरे भाई के दुर्घटना में निधन पर सत्येन्द्र गांव आकर गया था। गांव के लोगों ने बताया कि सत्येन्द्र काफी मिलनसार और हंसमुख युवक था। परिवार में पिता पूर्ण सिंह और माता प्रेम देवी हैं, जो कि गांव में ही रहते हैं। आजीविका खेती-बाड़ी पर निर्भर है। सत्येन्द्र का एक बड़ा भाई मनेन्द्र सिंह (25 वर्ष) है, जो कि जोधपुर में निजी शिक्षण संस्था में शिक्षक है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है।

समाचार झुंझुनू 24 शहीद सत्येन्द्र सिंह सांखला को नमन करता है व श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!