मुकुंदगढ़: राजस्थान में बढ़ती नकबजन वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकुंदगढ़ पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बहुचर्चित चोरी मामले का राज़ खोला है। गिरफ्तार आरोपियों ने मुकुंदगढ़, नवलगढ़, गुहाला, नीम का थाना और जयपुर समेत कई इलाकों में चोरी व वाहन उठाने की वारदातें कबूल कर पुलिस को चौंका दिया है।
आरोपियों ने कबूली कई जिलों में चोरी
गिरफ्तार किए गए अर्जुन सैनी निवासी गुहाला और अश्विनी मीणा निवासी चला ने पूछताछ में कबूल किया कि वे योजनाबद्ध तरीके से बंद घरों, मकानों और ईंट भट्टों में नकबजनी करने के साथ ही मोटरसाइकिल और मोबाइल चोरी भी करते रहे। दोनों का नेटवर्क बड़ा है और कई अन्य साथी भी इस गिरोह में शामिल बताए जा रहे हैं।
मुकुंदगढ़ में दो बड़ी वारदातें खुलीं
धर्मपाल निवासी वार्ड 9 मुकुंदगढ़ के मकान से दो एलईडी टीवी, कंबल और मशीन चोरी होने तथा सोनू निवासी वार्ड 9 के बंद मकान से वाशिंग मशीन और घरेलू सामान उड़ाए जाने के मामलों में भी इन्हीं को पुलिस ने जिम्मेदार माना है।
नवलगढ़, नीम का थाना और जयपुर भी शामिल
पुलिस पूछताछ में गैंग ने खुलासा किया कि डूंडलोद के पास ईंट भट्ठे से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी, नीम का थाना क्षेत्र के एक मकान में सेंधमारी और जयपुर खातीपुरा व जगतपुरा इलाकों से कई स्प्लेंडर बाइक चोरी की वारदातें भी उन्होंने ही अंजाम दी थीं।
अगले चरण में और गिरफ्तारियां संभव
पुलिस का मानना है कि यह गैंग बड़ा संगठित नेटवर्क संचालित कर रहा था। कई चोरी किये गए सामान और मोबाइल की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है और आगे और खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
थानाधिकारी ताराचंद के निर्देशन में ओमप्रकाश, संजय कुमार, रामनिवास, मुल्तानाराम, बाबूलाल और कनहैयालाल ने विभिन्न क्षेत्रों में लगातार जानकारी जुटाने, संदिग्धों पर नजर रखने और दबिश देकर बड़ी सफलता हासिल की। इस प्रयास में मुल्तानाराम और बाबूलाल की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही।
मुकुंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत और वृत अधिकारी महावीर सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी व पारंपरिक संसाधनों का उपयोग कर गैंग का पता लगाया और दो मुख्य आरोपियों को दबोच लिया।





