पटना, 7 नवंबर — बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में रिकॉर्ड 64.69% मतदान हुआ, जो राज्य के चुनावी इतिहास में सबसे अधिक है। शांतिपूर्ण मतदान के बीच चुनाव आयोग ने इसे ‘लोकतंत्र की जीत’ बताया, जबकि राहुल गांधी ने फिर लगाया वोट चोरी का आरोप। वहीं चिराग पासवान और भाजपा ने इसे NDA की बड़ी जीत का संकेत बताया। राजनीतिक विश्लेषक इसे परिवर्तन की लहर और नीतीश कुमार की परीक्षा मान रहे हैं।
बिहार में मतदान का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, मतदाताओं का जोश चरम पर
इस बार बिहार ने लोकतंत्र के इतिहास में नया अध्याय लिखा है। 1951 के बाद यह सबसे अधिक मतदान प्रतिशत रहा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह पारदर्शी और मेहनती चुनाव व्यवस्था की जीत है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने आयोग पर भरोसा जताकर लोकतंत्र को मजबूत किया है।
मुजफ्फरपुर में सबसे अधिक 70.96% वोट पड़े, जबकि समस्तीपुर में 70.63% और बेगूसराय में 68.26% मतदान दर्ज हुआ। बेगूसराय की बच्चवारा सीट पर 69.67% वोटिंग के साथ लोगों ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया। हालांकि, पटना जिले में मतदान सिर्फ 48.69% रहा।
लखीसराय में उपमुख्यमंत्री के काफिले पर हमला, आयोग ने मांगी रिपोर्ट
मतदान के दौरान लखीसराय में उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ। घटना के बाद चुनाव आयोग ने तत्काल रिपोर्ट तलब करते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा का आदेश दिया। वहीं, बक्सर सहित अधिकतर जिलों में मतदान शांतिपूर्ण रहा।
मुस्लिम महिला मतदाताओं की सहमति से हुई बुर्का जांच, शांति से मतदान सम्पन्न
चुनाव के दौरान मुस्लिम महिला मतदाताओं ने मतदान केंद्रों पर बुर्का जांच में सहयोग किया। आयोग ने इसे मतदाताओं की जागरूकता और लोकतांत्रिक आस्था का प्रतीक बताया।
राहुल गांधी ने फिर उठाया सवाल — “वोट चोरी हो रही है”
पहले चरण की वोटिंग के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता, जिन्होंने दूसरे राज्यों में मतदान किया था, वे बिहार में भी वोट डाल रहे हैं। राहुल गांधी ने इसे “लोकतंत्र की हत्या” बताते हुए चुनाव आयोग की आलोचना की और कहा कि आयोग निष्पक्षता पर खरा नहीं उतर रहा।
राजनीतिक विशेषज्ञों का कहना है कि आयुक्त का ‘लोकतंत्र की जीत’ वाला बयान राहुल गांधी के आरोपों का जवाब भी था।
चिराग पासवान बोले — “बिहार ने फिर NDA पर भरोसा जताया”
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि पहले चरण की वोटिंग से साफ है कि जनता NDA के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को जब नतीजे आएंगे, तो बिहार में NDA की मजबूत सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा, “महिलाओं और युवाओं का मतदान इस बात का संकेत है कि लोग विकास और सुशासन को वोट दे रहे हैं। महागठबंधन को जनता ने रिजेक्ट कर दिया है।”
आयोग का संदेश — लोकतंत्र में भरोसा, विपक्ष की आलोचना पर जवाब
चुनाव आयोग ने बताया कि 3.75 करोड़ मतदाताओं में से 2.43 करोड़ ने वोट डाले, जो 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़े से काफी अधिक हैं।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के बाद भी मतदान में उत्साह बरकरार रहा। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR लागू है, और जल्द बाकी जगहों पर भी शुरू होगी।
चुनाव आयोग ने कहा कि यह परिणाम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़ते भरोसे को दिखाता है।





