राजस्थान मौसम अपडेट: राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। जयपुर मौसम कार्यालय की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 दिसंबर को राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। सूबे के शेष भागों में बारिश की संभावना काफी कम है।
IMD की ओर से जारी ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि लक्षद्वीप पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। यही नहीं 22 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक दे सकता है। इसकी वजह से पहाड़ों पर जोरदार बर्फबारी देखी जा सकती है। इसका असर उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों पर भी देखा जाएगा। खासकर राजस्थान के कुछ हिस्सों में 22 दिसंबर से बादल छाए रहेंगे। शेखावाटी जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखी जा सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 22-24 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश में जबकि 23 दिसंबर को उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में कोहरे का प्रकोप देखा जा सकता है। श्रीनगर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 4.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, 23-24 दिसंबर से न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने से राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। वहीं चूरू में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, पिलानी (झुंझुनू) में 4.6 डिग्री और हनुमानगढ़ के संगरिया में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलवर में रात का तापमान पांच डिग्री, करौली में 5.7 डिग्री, भीलवाड़ा में 6.9 डिग्री, जैसलमेर में 7.3 डिग्री और चित्तौड़गढ़ में आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अन्य स्थानों पर न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।