पिलानी: कस्बे में नगर पालिका के कचरा संग्रहण वाहन (ऑटो टिपर) को पहले क्षतिग्रस्त करने और बाद में आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। घटना ने नगर पालिका प्रशासन और स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। आगजनी के कारण वाहन पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गया, जबकि घटनास्थल के उपर से जा रही हाई टेंशन बिजली लाइन के चलते बड़ा हादसा होने की आशंका भी बनी रही।

तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था वाहन
जानकारी के अनुसार पिलानी नगर पालिका का कचरा संग्रहण वाहन सोमवार देर शाम तकनीकी खराबी आने के कारण चांडक मार्ग पर सड़क किनारे खड़ा किया गया था। रात करीब नौ बजे एक युवक वाहन के पास पहुंचा और ऑटो टिप्पर के आगे के हिस्से तथा खिड़कियों के शीशों में तोड़फोड़ करने लगा।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और पालिका टीम
घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिका के कर्मचारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही युवक मौके से फरार हो गया। इसके चलते तत्काल उसे पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।
दो घंटे बाद अचानक धधक उठा ऑटो टिप्पर
तोड़फोड़ की घटना के करीब दो घंटे बाद रात लगभग 11 बजे ऑटो टिप्पर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आसपास के लोग मौके पर एकत्र हुए और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।

हाई टेंशन लाइन के कारण बढ़ा खतरा
जिस स्थान पर वाहन खड़ा था, उसके ऊपर से हाई टेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। आग की ऊंची लपटों के कारण बड़ा हादसा होने की आशंका बन गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई गई, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया।

आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया आग पर काबू
बिजली लाइन बंद होने के बाद पुलिस और दमकल दल ने संयुक्त रूप से आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक ऑटो टिप्पर पूरी तरह जल चुका था और केवल उसका ढांचा ही बच पाया।

नगर पालिका ने दी पुलिस में शिकायत
घटना के बाद नगर पालिका प्रशासन की ओर से पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के बीच संबंध तलाशने में जुटी है।





