चिड़ावा: कस्बे में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई। मंड्रेला मोड़ स्थित एक कैंटीन से 50 हजार रुपए की नकदी से भरा बैग चोरी हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुट गई है।

बैंक से पैसे निकालने के बाद कैंटीन पहुंचे थे उदाराम
प्राप्त जानकारी के अनुसार खुड़िया का बास निवासी रिटायर्ड कैप्टन उदाराम सुबह स्टेशन रोड स्थित एसबीआई बैंक पहुंचे थे। वहां से उन्होंने 50 हजार रुपए नकद निकाले। इसके बाद वे अपने पोते के साथ मंड्रेला मोड़ स्थित एक कैंटीन पर पहुंचे।

पोता खरीद रहा था सामान, तभी हुआ हाथ साफ
उदाराम ने बताया कि उनका पोता कैंटीन में सामान खरीद रहा था, जबकि वे पास में रखे एक स्टूल पर बैठ गए। इसी दौरान उन्होंने अपना बैग स्टूल के पास रख दिया और कुछ देर के लिए सामान देखने लगे। तभी मौका पाकर एक युवक बैग उठाकर फरार हो गया।

CCTV में कैद घटना, बैग लेकर जाते दिखाई दिया युवक
कुछ देर बाद जब उदाराम ने अपना बैग देखा तो वह गायब मिला। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। कैंटीन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक युवक बैग लेकर जाते हुए दिखाई दिया।
बैंक से पीछा करने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी युवक को बैग में नकदी होने की जानकारी थी। संभावना यह भी जताई जा रही है कि युवक बैंक से ही उदाराम का पीछा करते हुए कैंटीन तक पहुंचा था। हालांकि पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने शुरू की तलाश, चिड़ावा थाने में दर्ज करवाई रिपोर्ट
पीड़ित उदाराम ने चिड़ावा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के कैमरे भी खंगाल रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके।





