चिड़ावा: लंबे समय से पानी की किल्लत का सामना कर रहे खेतड़ी रोड़ स्थित वार्ड नंबर 12 के निवासियों को एक सप्ताह पहले इस परेशानी से निजात मिलने की उम्मीद जगी थी।

पीने के पानी को तरसते वार्ड की महिलाओं ने लंबे समय तक लड़ाई लड़कर सांसद कोटे से एक बोरवेल निर्माण की स्वीकृति प्राप्त की थी। सांसद बृजेन्द्र ओला ने इस बाबत उचित राशि भी विभाग को उपलब्ध करवा दी थी।

एक सप्ताह पहले विभाग द्वारा वार्ड में पूरे विधि-विधान से बोरवेल खुदाइ का शुभारंभ भी किया गया।

तत्पश्चात पिछले आठ दिन से जलदाय विभाग का कोई अधिकारी अथवा कर्मचारी वहां नहीं पहुंचा और ना ही ठेकेदार द्वारा उस बोरवेल में पाइप लाइन और पंप फिट करके उसे चालू किया गया।

सरकारी महकमे की इस उदासीनता से परेशान होकर वार्ड 12 की महिलाएं आज फिर से जलदाय विभाग पहुंची व हंगामा खड़ा किया। वार्ड 12 के निवासियों और महिलाओं ने अधिकारियों से इस उदासीनता का कारण पूछा।

मौके पर मौजूद सहायक अभियंता सविता चौधरी ने अगले एक सप्ताह में समस्या के निवारण का आश्वासन दिया। अधिकारी से आश्वासन मिलने के बाद महिलाओं का ग़ुस्सा शांत हुआ।

जलदाय विभाग पहुंचने वालों में वार्ड नंबर 12 से हरवीर झाझड़िया, यशु सिंह, मनीराम डांगी, रामसिंह, निर्मला देवी, संतोष, किरण, सुनीता, सोना, सुमन, पूजा, रेनू, शशि, चंद्रकला, सविता, निर्मला, लछमा, जराई, स्वेता, सागर और कमला सहित अन्य लोग शामिल रहे।




