झुंझुनूं: जिले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गुढ़ागौड़जी क्षेत्र के नंगली निर्वाण गांव में तेज रफ्तार ट्रेलर काल बनकर आया और सड़क किनारे सो रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, गुढ़ा भोपा बस्ती से आए दो घुमंतू मजदूर परिवार सड़क किनारे तंबू लगाकर सो रहे थे। रातभर की मेहनत के बाद सभी गहरी नींद में थे, लेकिन उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि सुबह उनके लिए कभी नहीं आएगी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अचानक एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर सीधे तंबू पर चढ़ गया। हादसा इतना भीषण था कि सोते हुए लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार मच गई।

इस दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय प्रियंका और 14 वर्षीय मोडी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 22 वर्षीय छोटकी पत्नी सुरेश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना में रवीना गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज बीडीके अस्पताल में जारी है। वहीं संजीत, संजय और सुनील की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए और घटना को लेकर आक्रोश जताने लगे। गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को डिटेन कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।




