पिलानी: क्षेत्र में एक बार फिर दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। पिलानी-चिड़ावा बाईपास स्थित कल्पवृक्ष अस्पताल के पास तेज रफ्तार ट्रोला ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रोला बाइक समेत दोनों युवकों को करीब 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस भयावह दृश्य को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घायल युवकों की पहचान चिड़ावा क्षेत्र के गांव कोपरिया कुआं निवासी हरीश और रवि के रूप में हुई है, जो पिलानी के एक निजी संस्थान में अध्ययनरत हैं। दुर्घटना के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को पिलानी के निजी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पिलानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पिलानी और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ समय से डम्पर और ट्रोला जैसे भारी वाहनों के कारण सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हो रही है। बाईपास और मुख्य मार्गों पर ओवरलोडिंग, तेज गति और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी आम बात बन गई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, नियमित निगरानी और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।





