उदयपुरवाटी: थाना क्षेत्र के मणकसास गांव में देर रात अन्नपूर्णा रसोई में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने रसोई में घुसकर गाली-गलौज की और जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान वहां काम कर रही महिलाओं में भय का माहौल बन गया
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी युवक रसोई में हंगामा करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
रसोई चलाने वाली महिलाओं ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उन पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे। घटना के बाद से महिलाओं में दहशत का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना रात करीब 8 बजे पुलिस को दे दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब 11 बजे मौके पर पहुंची। इस देरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पंचलंगी चौकी प्रभारी फतेहसिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में एक युवक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
घटना के बाद मणकसास गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।





