पिलानी: विधानसभा क्षेत्र के जोधा का बास गांव में जल्द ही एक नए संस्कृत विद्यालय की शुरुआत होने जा रही है। यह निर्णय क्षेत्र के शिक्षा विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इस विद्यालय के शुरू होने से स्थानीय विद्यार्थियों को संस्कृत शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी।
स्थानीय भाजपा नेता और पिलानी विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी राजेश दहिया ने इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय और शिक्षा विभाग में कई बार आवेदन और निवेदन किया था। उनके इन सतत प्रयासों के चलते अब संस्कृत विद्यालय खोलने की स्वीकृति जारी कर दी गई है।
नए संस्कृत विद्यालय के शुरू होने से न केवल विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा की पढ़ाई का अवसर मिलेगा, बल्कि भारतीय संस्कृति और प्राचीन ज्ञान परंपरा के संरक्षण और प्रचार-प्रसार को भी नई दिशा मिलेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
राजेश दहिया ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में राजस्थान में शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है और यह निर्णय पिलानी क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।





