झुंझुनूं: जिले के बिसाऊ थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने बुरखा पहनकर ज्वैलरी दुकान में ग्राहक बनकर प्रवेश किया और बेहद शातिर तरीके से सोने की अंगूठी चोरी कर फरार हो गई। इस घटना ने इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया।
20 मार्च 2026 को बिसाऊ निवासी हरिराम सोनी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी ज्वैलरी दुकान पर एक महिला ग्राहक बनकर आई और सोने की अंगूठी चोरी कर ले गई। महिला ने चालाकी से असली सोने की अंगूठी निकालकर उसकी जगह पीतल की अंगूठी बॉक्स में रख दी और फरार हो गई।
पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बुरखा पहने महिला संदिग्ध नजर आई। इसके बाद तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान की गई।
आरोपी महिला शबनम बानो पुत्री सादिक, पत्नी जाबिद, उम्र 26 वर्ष, निवासी कंटया रोड लक्ष्मणगढ़, जिला सीकर को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सोने की अंगूठी बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी शेरसिंह के नेतृत्व में महेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल नीलम की विशेष भूमिका रही। टीम ने तत्परता और सूझबूझ से मामले का खुलासा किया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।





