चिड़ावा: शहर में आगामी 8 मार्च को एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। समीर ऑप्टिकल्स, फ्रेंड्स फॉरएवर ग्रुप और मिश्री देवी आई हॉस्पिटल (बहरोड़) के संयुक्त तत्वावधान में इस निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन होने जा रहा है।
फ्रैंड्स फॉरएवर ग्रुप के शेखर शर्मा ने बताया कि रविवार, 8 मार्च को चिड़ावा शहर के गौशाला रोड़ पर चेजारों के मन्दिर के पास इस एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा। शिविर में आने वाले मरीजों की नेत्र जांच के साथ ही मोतियाबिंद ऑपरेशन निःशुल्क होगा और दवाइयां भी निःशुल्क दी जाएंगी।
शिविर के बैनर का हुआ विमोचन
नेत्र चिकित्सा शिविर के बैनर का आज पुरानी बस्ती स्थित श्री श्याम मन्दिर में विमोचन किया गया। इस अवसर पर फ्रैंड्स फॉरएवर ग्रुप के शेखर शर्मा, विपिन कुमार महमिया, रोहिताश्व बदनगढ़िया, प्रदीप मालसरिया, विवेक शर्मा तथा समीर ऑप्टिकल्स संचालक समीर सिंह शेखावत मौजूद रहे।

अब तक 400 से अधिक ऑपरेशन हुए
आपको बता दें कि फ्रैंड्स फॉरएवर ग्रुप, समीर ऑप्टिकल्स और मिश्रीदेवी आई हॉस्पिटल द्वारा अब तक क्षेत्र में 4 निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 2000 से अधिक नेत्र रोगियों को परामर्श व दवाइयां वितरित की गई हैं तथा 400 से अधिक नेत्र रोगियों के मोतियाबिन्द के निःशुल्क ऑपरेशन किए जा चुके हैं।





