चिड़ावा: लाम्बा गोठडा में प्लास्टिक मुक्त वातावरण थीम पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर करुणा फेलो पूजा सैनी के नेतृत्व में गांव को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

जवान सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, लाम्बा गोठडा के लगभग 50 विद्यार्थियों ने “प्लास्टिक मुक्त वातावरण” थीम के अंतर्गत ग्राम लाम्बा गोठडा को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में प्रेरणादायक कदम उठाया। विद्यार्थियों ने गांव की मुख्य गलियों में जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और सामाजिक जिम्मेदारी स्पष्ट दिखाई दे रही थी।

करुणा फेलो पूजा सैनी के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां और आकर्षक पोस्टर लेकर “प्लास्टिक हटाओ – गांव बचाओ”, “कपड़े का थैला अपनाओ”, और “स्वच्छ गांव – स्वस्थ गांव” जैसे प्रभावी नारे लगाए। इन नारों से गांव का वातावरण पर्यावरण जागरूकता के संदेश से गुंजायमान हो उठा।

विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करें, प्लास्टिक कचरे को खुले में न फेंकें और घर-घर में प्लास्टिक उपयोग कम करने का संकल्प लें। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण प्रदूषण का मुख्य कारण है और यह पशुओं तथा मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है।

इस अभियान को ग्रामवासियों का सकारात्मक समर्थन मिला। ग्रामीणों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए गांव को पूर्णतः प्लास्टिक मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

अभियान को सफल बनाने में प्रधानाचार्या वंदना, उप-प्रधानाचार्य अजुं, शिक्षक विजेंद्र सिंह, विजय कुमार, विरेन्द्र सिंह, कार्तिक शर्मा, भतेरी देवी, ग्राम विकास अधिकारी सुनील कुमार, सरपंच संजय सैनी तथा एलडीसी अनिता कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी के संयुक्त प्रयास से यह पहल स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!