समाचार झुंझुनूं 24
पल-पल की खबर
☰ कैटेगरी
📰 कैटेगरी
Uncategorizedअन्तर्राष्ट्रीयअपराधअलसीसर-मलसीसरउदयपुरवाटीउदयपुरवाटीखेतड़ीखेलगुढागुढागौड़जीचिड़ावाचूरूजयपुरझुन्झुनूडुंडलोददेशदेश-विदेश-राज्यनरहड़नवलगढ़नीमकाथाना

पिलानी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि: प्रेरणा स्थल पर पुष्पांजलि, विचारों को बताया राष्ट्र निर्माण का आधार

पिलानी: कस्बे में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तालाब के पास स्थित प्रेरणा स्थल पर दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान पिलानी शाखा के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके एकात्म मानववाद दर्शन को राष्ट्र निर्माण की दिशा बताया। बड़ी संख्या में उनके विचारों के अनुयायियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।

पिलानी तालाब के समीप प्रेरणा स्थल पर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर बुधवार सायं 5.30 बजे उनकी 58वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान पिलानी शाखा द्वारा किया गया, जिसमें सूरजगढ़ निवासी संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं लोकतंत्र सेनानी सज्जन कुमार अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् की प्रस्तुति के साथ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्य वक्ता दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान के जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद सोनी ने अपने संबोधन में बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पिलानी से गहरा नाता रहा है। उन्होंने वर्ष 1935 से 1937 तक बिरला स्कूल पिलानी में अध्ययन किया। इसके बाद कानपुर में रहकर स्नातक की पढ़ाई पूरी की, जहां वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।

जगदीश प्रसाद सोनी ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय संघ में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान महामंत्री के पद पर रहकर संगठन को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को अपनाते हुए संघ ने राष्ट्रवाद और सेवा को केंद्र में रखकर कार्य किया। आज देश की केंद्र और राज्य सरकारें भी उनके विचारों को आधार बनाकर जनहित और राष्ट्रहित में नीतियां लागू कर रही हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सज्जन कुमार अग्रवाल ने दीनदयाल उपाध्याय के जीवन को सादगी, त्याग और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया। नरेन्द्र शर्मा और डॉ रमेश जाजू ने भी उनके जीवन दर्शन, सामाजिक चिंतन और राजनीतिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका चिंतन आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट हजारी लाल सुनिया ने किया। कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय स्मृति संस्थान पिलानी शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश टेलर, समाजसेवी राजेन्द्र प्रसाद डांडा, संतोष कुमार दुल्लड़, रत्न सिंह श्योराण, किशोर सिंह बिट्स पिलानी, विरेन्द्र सिंह राठौड़, विकास सोनी, अविनाश गुप्ता, डॉ नवीन ठोलिया, नरेन्द्र बाठोलिया, मधुसुदन शाह, मुकेश रूंथला और मनोज डाबड़ीवाला सहित बड़ी संख्या में दीनदयाल उपाध्याय के विचारों के अनुयायी उपस्थित रहे। अंत में ओमप्रकाश टेलर ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a comment

error: Content is protected !!