उदयपुरवाटी: तहसील कार्यालय परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बुधवार देर रात कथित तौर पर शराब पार्टी कर रहे नशे में धुत युवकों का वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का पोल उखड़कर सीधे कोर्ट परिसर में गिर गया। इस दौरान वहां अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे पूरे परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तहसील कार्यालय परिसर में मौजूद युवक शराब के नशे में धुत थे और तेज रफ्तार में वाहन चला रहे थे। आरोप है कि नशे में ड्राइव करने की वजह से अचानक वाहन बिजली के पोल से टकरा गया, जिससे पोल टूटकर कोर्ट परिसर में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां मौजूद अनशनकारी अधिवक्ताओं को कोई शारीरिक नुकसान नहीं हुआ, हालांकि उनकी खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
हादसे के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जब नशे में धुत लोगों ने कोर्ट परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं से अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज करने लगे। इस घटनाक्रम से कोर्ट परिसर में तनाव फैल गया और कुछ देर के लिए स्थिति नियंत्रण से बाहर होती नजर आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शराब के नशे में धुत युवकों को हिरासत में लेकर उनका मेडिकल परीक्षण करवाया। पूरे मामले की जांच जारी है।
इस घटना के बाद तहसील कार्यालय और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अधिवक्ताओं ने प्रशासन से परिसर में इस तरह की गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





