Thursday, March 19, 2026
Homeपिलानीपिलानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: DST के साथ मिलकर 2 हिस्ट्रीशीटर...

पिलानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: DST के साथ मिलकर 2 हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और बोलेरो कैम्पर जब्त

पिलानी: थाना क्षेत्र में अवैध हथियारों और संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पिलानी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के दो सक्रिय हिस्ट्रीशीटर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक बोलेरो कैम्पर वाहन जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों बदमाशों ने सूरजगढ़ कोर्ट के सामने हुई कार तोड़फोड़ की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

नाकाबंदी देखकर भागे बदमाश, कच्चे रास्ते में दबोचे

पुलिस मुख्यालय द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 4 फरवरी 2026 को DST से सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद पिलानी से बेरी गांव की ओर पीरू सिंह खेल मैदान के पास नाकाबंदी शुरू की गई। इसी दौरान बेरी गांव की ओर से आ रही सफेद बोलेरो कैम्पर को पुलिस नाकाबंदी देखकर चालक ने अचानक मोड़ दिया और वाहन को कच्चे रास्ते की ओर भगाने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कैम्पर का पीछा किया और बेरी गांव की बणी क्षेत्र में कच्चे रास्ते पर वाहन को रुकवाया। वाहन में बैठे दोनों युवकों से पूछताछ की गई, लेकिन वे वाहन भगाने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सके।

तलाशी में पिस्टल और कारतूस बरामद, वाहन जब्त

संदेह के आधार पर की गई तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके साथ ही बोलेरो कैम्पर वाहन को भी जब्त किया गया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सूरजगढ़ कोर्ट के सामने कार तोड़फोड़ की वारदात कबूली

गिरफ्तार दोनों आरोपी सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और सक्रिय अपराधी हैं। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि 3 फरवरी 2026 को अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर सूरजगढ़ कोर्ट परिसर के सामने खड़ी एक कार में तोड़फोड़ की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त कर लिया है, ताकि अन्य आपराधिक घटनाओं के संबंध में विस्तृत अनुसंधान किया जा सके।

कौन हैं गिरफ्तार आरोपी और क्या है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आकाश उर्फ शूटर, उम्र 22 वर्ष, निवासी दोबड़ा थाना सूरजगढ़ है, जिसके खिलाफ कुल 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी ललित उर्फ लीता धानक, उम्र 28 वर्ष, निवासी स्वामी सेही थाना सूरजगढ़ है, जिसके खिलाफ पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस रिकॉर्ड में सक्रिय अपराधियों के रूप में दर्ज थे।

संयुक्त टीम की मुस्तैदी से टली बड़ी वारदात

इस पूरी कार्रवाई में पिलानी थाना पुलिस और DST झुंझुनूं की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ काम किया, जिससे समय रहते हथियारबंद अपराधियों को पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती, तो कोई बड़ी आपराधिक वारदात हो सकती थी।

- Advertisement -
समाचार झुन्झुनू 24 के व्हाट्सअप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए बटन पर क्लिक करें
- Advertisemen's -

Advertisement's

spot_img
Slide
previous arrow
next arrow
Shadow
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

- Advertisment -

Recent Comments

error: Content is protected !!