चिड़ावा: शहर के वार्ड नंबर 12 में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की छत पर बनी रसोई में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से भड़की इस आग की लपटें देखते ही घर और आसपास के लोग दहशत में आ गए। समय रहते फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिड़ावा वार्ड 12 में बलवीर राव के मकान की छत पर बनी रसोई के बाहर कच्चा चूल्हा बना हुआ था, जिसके पास लकड़ियां रखी थीं। इसी दौरान बिजली के शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी पास में रखी लकड़ियों तक पहुंच गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। रसोई से उठता धुआं और लपटें देखकर घर के लोगों ने तुरंत शोर मचाया।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड पार्षद रजनीकांत मान ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को अवगत कराया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड से विकाश लामोरिया और हरेंद्र मौके पर पहुंचे। वहीं चिड़ावा थाना पुलिस से ओमप्रकाश नरूका, महेंद्र यादव और योगेश शर्मा सहित पुलिस जाब्ता भी घटनास्थल पर पहुंचा और हालात का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा लेने से वह मकान के अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग की चपेट में आने से रसोई में रखा कुछ सामान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।




