झुंझुनूं: जिले के बिसाऊ कस्बे में कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है, जहां पुलिस थाना के नजदीक खुले मैदान में कुछ युवक स्कॉर्पियो और अन्य वाहनों से खतरनाक स्टंट करते नजर आए। पुलिस की नजर पड़ते ही युवक वाहन लेकर भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने पीछा कर स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार बिसाऊ थाना क्षेत्र के धवलपालियां जोहड़ मैदान में मंगलवार शाम कुछ युवक स्कॉर्पियो सहित अन्य वाहनों से तेज रफ्तार और खतरनाक स्टंट कर रहे थे। यह स्थान पुलिस थाने के बेहद नजदीक स्थित है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए।
स्टंटबाजी की सूचना और दृश्य सामने आते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही युवक स्कॉर्पियो लेकर फरार होने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन का पीछा कर उसे रुकवा लिया। गाड़ी रुकते ही उसमें सवार युवक वाहन से उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भाग गए। पुलिस ने स्कॉर्पियो को मौके से जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है।
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक स्टंट करते हुए पुलिस को देखते ही भागते हैं और पुलिसकर्मी उन्हें खदेड़ते नजर आते हैं। वायरल वीडियो ने बिसाऊ सहित पूरे झुंझुनूं जिले में स्टंटबाजी और सड़क सुरक्षा को लेकर बहस छेड़ दी है।




