भौतिक विज्ञान और संस्कृत विषय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए किया गया सम्मानित
पिलानी। उपखंड स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 2026 का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान बाल निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय, पिलानी के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर शर्मा को भौतिक विज्ञान विषय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने तथा विज्ञान के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त करने के लिए उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट

सूरजगढ़ द्वारा सम्मानित किया गया। उनके शैक्षणिक योगदान की मंच से सराहना की गई। इसी अवसर पर विद्यालय की वरिष्ठ अध्यापिका हिमांग भारद्वाज को संस्कृत विषय में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने और संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार में विशेष योगदान देने के लिए उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट सूरजगढ़ द्वारा सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी शोभा वर्मा सहित समस्त स्टाफ सदस्यों ने दोनों सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं और बधाई दी। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस सम्मान को संस्था के लिए गौरव का विषय बताया।




