चूरू: जिले में रविवार को अखिल भारत हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार पुनिया का हिंदुत्व और गौ संरक्षण के एजेंडे के साथ जोरदार जनसंपर्क देखने को मिला, जहां उन्होंने ददरेवा धाम और ढढाल सेरा सहित कई धार्मिक स्थानों पर जाकर महंतों से मुलाकात की और सनातन रक्षा पर सामूहिक रणनीति तय की
चूरू पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष पवन कुमार पुनिया ने ददरेवा धाम के महंत बालयोगी कृष्णनाथ और ढढाल सेरा स्थित भंडारी नाथ आश्रम में महंत दशेरा नाथ और महंत संपत नाथ से बातचीत की। कोर कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि मुलाकात के दौरान गौवंश की स्थिति, गौशालाओं में संसाधन और सनातन परंपराओं के संरक्षण पर लंबे व्याख्यान हुए।
महंतों ने कहा कि गौवंश सिर्फ मानव समाज का नहीं, बल्कि सनातन धर्म का आधार स्तंभ है। दशेरा नाथ ने दावा किया कि राजस्थान को गौ संरक्षण के लिए विशेष नीति, बेहतर बजट और सामाजिक नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने गौ हत्याओं और लावारिस पशुओं के प्रति बढ़ती उपेक्षा पर चिंता जताई और इसे रोकने के लिए जन आंदोलन शुरू करने की जोरदार मांग की।
संपत नाथ और बालयोगी कृष्णनाथ ने महासभा को सुझाव दिया कि समाज में फैली कुरीतियों और धर्म की वास्तविक अवधारणा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाए। प्रदेश स्तर पर विचार गोष्ठी, जागृति कार्यक्रम और डिजिटल जागरूकता मिशन शुरू करने पर सहमति बनी
चर्चा के दौरान राजेंद्र शर्मा के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष नवीन कुमार सुरा, चूरू कार्यकारी जिलाध्यक्ष विनोद गौतम, झुंझुनू जिला अध्यक्ष सुनील कुमार पुनिया, धर्मचंद सोनी, ईश्वर सिंह और डॉक्टर सुरेश चाहर सहित अन्य पदाधिकारी सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी ने गांव-शहर तक पहुंचकर संगठन की मजबूती और गौ रक्षा मिशन में जनसहभागिता बढ़ाने का संकल्प लिया।






