कांग्रेस ने पिलानी विधायक पितराम सिंह काला पर जताया भरोसा, बनाए गए सीकर जिला प्रभारी

झुंझुनूं: पिलानी विधायक और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष पितराम सिंह काला को सीकर जिला प्रभारी बनाया गया है। शीर्ष नेतृत्व के इस फैसले ने पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और सक्रियता का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं काला ने जिम्मेदारी निभाने का विश्वास जताया है।

कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन विस्तार और जिले में अनुसूचित जाति विभाग को मजबूत करने के उद्देश्य से पिलानी विधायक पितराम सिंह काला को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। काला को यह जिम्मेदारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की अध्यक्ष ममता भूपेश तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम की अनुशंसा पर मिली है।

नियुक्ति के बाद पितराम सिंह काला ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जिस विश्वास के साथ जिम्मेदारी सौंपी है, वे उसे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। काला ने संगठन के मूल्यों की रक्षा करने और कांग्रेस के जनाधार को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया।

अंबेडकरवादी विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों के प्रतिनिधि माने जाने वाले पितराम सिंह काला ने कहा कि वे सामाजिक न्याय और समानता के संघर्ष में पार्टी नीतियों को धरातल तक ले जाने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!