बगड़: झुंझुनूं जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस थाना बगड़ क्षेत्र में राहगीर से मारपीट कर जेवरात और नकदी लूटने के मामले में फरार चल रहा 10 हजार रुपये का इनामी और थाना स्तरीय टॉप टेन अपराधी अनुज पुत्र राजू बुडानिया, निवासी दिलोई दक्षिण, पुलिस थाना बिसाऊ, आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि अनुज लंबे समय से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।
दिनांक 22 मई 2025 को क्यामसर निवासी अमित कुमार ने पुलिस थाना सुलताना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 21 मई की रात वह मोटरसाइकिल से झुंझुनूं से सुलताना जा रहा था। प्रतापपुरा रेलवे अंडरपास के पास अचानक एक स्विफ्ट कार ने रास्ता रोक लिया। कार से नितेश उर्फ ब्लेकिया, संदीप डांगी उर्फ डांगला, अनुज उर्फ भानजा, अजय माखर और राहुल माखर उतरे, जिनके हाथों में पाइप थे।
पीछा कर उसे पकड़ लिया गया और बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपियों ने उसके पास मौजूद एक सोने की लेडीज चेन, कानों के सोने के झुमके की जोड़ी और जेब में रखे 48 हजार रुपये छीन लिए। पीड़ित ने बताया कि ये जेवर उसने झुंझुनूं स्थित महालक्ष्मी ज्वैलर्स से खरीदे थे।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की थीं। इस मामले में पहले ही हार्डकोर अपराधी नितेश उर्फ ब्लेक और हिस्ट्रीशीटर संदीप सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं शेष आरोपी अनुज गिरफ्तारी के डर से लगातार स्थान बदल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था।
लगातार तकनीकी और मुखबिर सूचना के आधार पर गठित टीम ने लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के पास एक खेत से आरोपी अनुज को दस्तयाब किया। पूछताछ और अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अनुज थाना स्तर का टॉप टेन अपराधी है और उस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था।





