पिलानी: शिक्षा विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए पिलानी की मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) श्रीमती सुमन को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। उन्हें आगामी आदेशों की प्रतीक्षा (APO) में रखते हुए मुख्यालय निदेशालय भेजा गया है।
प्रशासनिक कारणों का दिया हवाला
शिक्षा विभाग के संयुक्त शासन सचिव (IAS) महेन्द्र कुमार खींची द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, पिलानी CBEO सुमन को प्रशासनिक कारणों के चलते पद से हटाया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपनी सेवाएं पिलानी में समाप्त कर आगामी आदेशों तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहेंगी।

अब बीकानेर होगा नया ठिकाना
एपीओ की अवधि के दौरान श्रीमती सुमन का मुख्यालय “कार्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा राजस्थान, बीकानेर” रहेगा। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी उपस्थिति बीकानेर निदेशालय में दर्ज करवाएं।
विभाग में चर्चाओं का बाजार गर्म
इस कार्रवाई के बाद झुंझुनू जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि आदेश में केवल ‘प्रशासनिक कारणों’ का उल्लेख है, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।





