मण्ड्रेला: कस्बे बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। महिला पुलिस कर्मियों ने छात्राओं को व्यवहारिक प्रशिक्षण देकर हर परिस्थिति में खुद का बचाव करना सिखाया।
विभागीय निर्देशों के तहत आयोजित इस विशेष शिविर में मास्टर ट्रेनर सुलोचना और शर्मिला ने कक्षा 6 से 11 तक की बालिकाओं को आत्मरक्षा की जरूरी तकनीकों और रोजमर्रा की परिस्थितियों में संभावित हमलों से सुरक्षित रहने के तरीके सिखाए। छात्राओं को कानून से जुड़े अधिकारों की जानकारी भी दी गई, जिससे उनमें हिम्मत और जागरूकता बढ़ी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थाना अधिकारी कैलाशचंद्र ने कहा कि आत्मरक्षा का ज्ञान हर लड़की के लिए आज की सबसे महत्वपूर्ण जरूरत है। उन्होंने बालिकाओं को किसी भी चुनौती का डटकर सामना करने और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्या नीरू पवनिया ने कहा कि बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत प्रभावी हैं। उनका कहना था कि इस प्रशिक्षण से छात्राओं में साहस और आत्मविश्वास का विकास हुआ है। उन्होंने भविष्य में भी विद्यालय द्वारा ऐसे उपयोगी कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।




