पिलानी: शुक्रवार सुबह डूलानिया गांव के पास NH-709 हाईवे पर सड़क किनारे पड़े कचरे, आवारा कुत्तों और संकरे रास्ते की वजह से होने वाला हादसा समय रहते टल गया। हरियाणा के बन्सुडा से पिलानी आए दो लोग विवाह समारोह से लौट रहे थे, तभी अचानक सामने आई बाइक ने तेज रफ्तार कार को सड़क किनारे कचरे के ढेर पर चढ़ा दिया।

सुबह करीब 5:30 बजे वाहन डूलानिया के पास पहुंचा तो NH-709 पर एक तरफ डिवाइडर और दूसरी तरफ अवैध रूप से फेंका गया कचरा होने की वजह से रास्ता बेहद संकरा हो गया था। इसी बीच कचरे के पास घूम रहे आवारा कुत्तों से बचने की कोशिश में एक बाइक वाहन के सामने आ गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में कार संतुलन खो बैठी और कचरे के ढेर पर चढ़कर नीचे की ओर लुढ़क गई।

बन्सुडा निवासी सरपंच पवन अपने साथी के साथ लौट रहे थे। कार नीचे की ओर गिरते समय पास लग रहे बिजली के खंभे से सिर्फ कुछ फीट की दूरी पर रुकी। ग्रामीणों ने कहा कि अगर कार पोल से टकरा जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। वाहन का फ्रंट हिस्सा टूट गया, लेकिन दोनों लोग सुरक्षित रहे।

सड़क किनारे जमा कचरे को लेकर स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। ग्रामीणों ने बताया कि— हाईवे किनारे कचरा डालना गंभीर लापरवाही है। इससे कभी भी जानलेवा दुर्घटना हो सकती है। जिम्मेदार विभाग तुरंत कार्रवाई करे। ग्रामीणों ने हाईवे पर कचरा फेंकने वाले लोगों पर सख्त दंडात्मक कदम उठाने और नियमित सफाई की मांग रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!