चिड़ावा: नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच पार्षद अंकित भगेरिया ने अनोखी और सराहनीय पहल करते हुए अपने निजी खर्च पर सफाईकर्मी नियुक्त किया है। यह कदम स्थानीय नागरिकों की बड़ी समस्या के समाधान के रूप में देखा जा रहा है।

पार्षद अंकित भगेरिया ने बताया कि क्षेत्र में नालियों की सफाई समय पर नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी। गंदगी, बदबू और मच्छरों की समस्या को ध्यान में रखते हुए अब सफाईकर्मी को हर महीने सैलरी भी वे खुद देंगे। उनका कहना है कि अब शिकायतों में कमी आएगी और सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से चल सकेगी।

स्थानीय निवासियों ने इस पहल को बेहद सकारात्मक माना है। नागरिकों का कहना है कि स्वच्छता एक मूलभूत जरूरत है और इस दिशा में पार्षद द्वारा उठाया गया कदम प्रेरणादायक है। लोगों को उम्मीद है कि अन्य वार्डों में भी ऐसे प्रयास देखने को मिलेंगे।

नालियों की लगातार बदहाल हालत और कई दिनों तक सफाई न होने से मोहल्ले में असंतोष फैल रहा था। इस वजह से पार्षद को स्वयं सफाईकर्मी रखने का निर्णय लेना पड़ा, जो नगर पालिका की सफाई प्रबंधन पर भी सवाल खड़े करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!