झुंझुनूं: जिले के ग्रामीण खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा गांव की गलियों से निकलकर देश का नाम रोशन कर सकती है। जालिमपुरा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों का जोश और जीत का जुनून देखने को मिला। बीबासर के खिलाड़ियों ने कबड्डी व वालीबॉल दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
राजीव गांधी नवयुवक मंडल चौराड़ी आथुनी, नवलगढ़ द्वारा और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से ग्रामीण युवाओं को बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जिला युवा अधिकारी मधु यादव के निर्देशन में कबड्डी, वालीबॉल और दौड़ जैसे रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वकील विजयहिन्द जालिमपुरा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सागरमल कालेर ने की। विजयहिन्द ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक उभरती खेल शक्ति है और ग्रामीण इलाके के खिलाड़ी देश के खेल भविष्य की नींव हैं। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया और यूथ गेम्स जैसी योजनाओं से नई खेल प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है, जिसका परिणाम ओलम्पिक व एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के रूप में सामने आ रहा है।
कबड्डी में बीबासर की टीम ने मेजबान चौराड़ी को हराकर बाजी मारी। वहीं, वालीबॉल खेल में भी बीबासर ने हिम्मतपुरा पुनिया का बास को पराजित करते हुए डबल खिताबी जीत दर्ज की। दर्शकों ने दोनों मुकाबलों में खिलाड़ियों की फिटनेस और टीम स्पिरिट की सराहना की।
100 मीटर दौड़ में जेजूसर के अरविंद ने तेज रफ्तार दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पुनिया का बास के राहुल व उसी गांव के विकास ने बढ़िया प्रदर्शन किया। 200 मीटर दौड़ में डुमरा के अनीश प्रथम रहे और जेजूसर के अरविंद ने दूसरा स्थान पाया। 400 मीटर मुकाबले में डुमरा के अंकित ने शानदार अंदाज में जीत दर्ज की, जबकि जेजूसर के अरविंद और पुनिया का बास के रजत भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते दिखे।
मंडल अध्यक्ष नवीन कालेर ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य सिर्फ खेल नहीं, बल्कि युवाओं को नशा मुक्त रहकर फिट इंडिया अभियान को आगे बढ़ाने का संदेश देना है। कार्यक्रम में मंगलचंद, रामकुमार, राकेश कालेर, राजेश, मुकेश, विजयसिंह, कुंदनसिंह जय महला, आशीष, गर्वित, पंकज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।




