झुंझुनूं: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अभियान के तहत नवलगढ़ और पिलानी विधानसभा क्षेत्रों ने 100% डिजिटाइजेशन कर राज्य में मिसाल पेश की है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर वोटर लिस्ट अपडेट की गई और समय पर अपलोड पूरा करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण गर्ग ने संबंधित अधिकारी और टीम को सम्मानित किया। यह उपलब्धि चुनाव प्रबंधन और ई-गवर्नेंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत परिगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा किया गया। पिलानी विधानसभा क्षेत्र में 2,52,533 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,34,081 मतदाताओं के प्रपत्र बीएलओ ऐप से अपलोड हुए। वहीं 18,458 मतदाता अनुपस्थित, मृत, दोहरी प्रविष्टि और स्थानांतरण श्रेणी में चिह्नित किए गए। इस क्षेत्र में 236 बीएलओ ने शानदार कार्य किया।
नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 2,86,660 पंजीकृत मतदाताओं में से 2,67,262 के ईएफ प्रपत्र डिजिटाइज किए गए और 1,944 मतदाताओं को एएसडी श्रेणी में मार्क किया गया। यहां 262 बीएलओ ने अभियान को सफलता दिलाई।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में पिलानी के ईआरओ नरेश सोनी के साथ उनकी टीम में शामिल चिड़ावा तहसीलदार रामकुमार पुनिया, मंड्रेला नायब तहसीलदार सन्नी भाम्बू, सहायक प्रोग्रामर सुरेंद्र कुमार और सूचना सहायक दिनेश शर्मा को प्रशस्ति प्रदान की गई।
नवलगढ़ क्षेत्र से ईआरओ कुलदीप सिंह शेखावत, तहसीलदार सीताराम कुमावत, नायब तहसीलदार बजरंग लाल मीणा, सहायक प्रोग्रामर रणजीत सिंह, उपप्रधानाचार्य मुकेश कुमार और नीतेश रूंथला को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र की ईआरओ कौशल्या बिश्नोई, पिलानी के सुपरवाइजर विजेंद्र कुमार और कर्मवीर पूनिया को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार आर्य, तहसीलदार (निर्वाचन) मोनिका चौधरी, वरिष्ठ निजी सचिव रामसिंह पूनियां और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी नवीद खान मौजूद रहे।




