चिड़ावा: थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है। निजी विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षक विवेक यादव ने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या से पहले उसने अपने मित्र को मैसेज कर अपनी मौत की बात बताई थी। परिवार और स्कूल स्टाफ इस घटना से सदमे में हैं।
घटना चिड़ावा शहर के खेतड़ी रोड स्थित पावर हाउस के पीछे शिव कॉलोनी में हुई, जहां विवेक अपनी पत्नी और 9 वर्षीय बेटे के साथ किराए के मकान में रहता था। मंगलवार दोपहर वह घर पर अकेला था।
जीवनी इंटरनेशनल स्कूल के शिक्षक विवेक (मूल निवासी–माचल, थाना बहरोड़ सदर) ने मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने दोस्त रिंकु को मैसेज भेजा कि वह अपनी जिंदगी खत्म करने जा रहा है।
रिंकु ने जब स्कूल में पूछताछ की तो पता चला कि विवेक आज स्कूल नहीं आया। चिंतित होकर वह सीधे उसके घर पहुंचा।
कमरा खोलने पर विवेक पंखे से मफलर के सहारे लटका हुआ मिला। पड़ोसियों की मदद से उसे चिड़ावा उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
विवेक पिछले 10 वर्षों से चिड़ावा में निजी स्कूलों में पढ़ा रहा था। पिछले 3 साल से वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ शिव कॉलोनी में रह रहा था। उसका बेटा भी जीवनी इंटरनेशनल स्कूल में 5वीं कक्षा में पढ़ता है। विवेक की पत्नी भी चिड़ावा के एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। घटना के समय दोनों स्कूल में थे।
सूचना पर चिड़ावा पुलिस टीम से एसआई कैलाश चंद्र, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल सवाई सिंह, कांस्टेबल महेंद्र, राजवीर अस्पताल पहुंचे और पंचनामा तैयार किया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
पोस्टमार्टम परिजनों के आने के बाद कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।




