सूरजगढ़: सूरजगढ़-चिड़ावा सड़क मार्ग पर मंगलवार शाम को हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सूरजगढ़ के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार झांझोत निवासी रमेश कुमार पुत्र बजरंग लाल उम्र 48 वर्ष मंगलवार शाम को अपनी बाइक पर सवार होकर चिड़ावा की ओर जा रहा था। इसी दौरान दूसरी तरफ से तेज रफ्तार में आ रही डीआई गाड़ी से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीआई गाड़ी बाइक से टकराकर आगे खड़े एक ट्रोले में जा घुसी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति सूरजगढ़ की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर घायल रमेश कुमार को एम्बुलेंस की सहायता से सूरजगढ़ के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर परिजन उसे चिड़ावा के निजी अस्पताल ले गए। वहां भी स्थिति नाजुक बनी रहने पर परिजन घायल को झुंझुनूं लेकर गए जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

सूरजगढ़ थानाधिकारी धर्मेन्द्र मीणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम में वीरेंद्र कुमार, महिपाल सिंह व महेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया। फिलहाल मृतक के शव को चिड़ावा उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!